वृंदावन में बनेगा श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर, सरकार ने 150 करोड़ रूपए दिए
मथुरा। कई सालों से इंतजार के बाद योगी सरकार ने वृंदावन में बिहारीजी मंदिर कॉरिडोर के लिए 150 करोड़ का प्रावधान कर दिया है। इसके अलावा भी राज्य सरकार ने 125 करोड़ रुपया उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद को पिछले साल दिए थे।
योगी सरकार ने वृहस्पतिवार को एक बार फिर बिहारीजी के श्रद्धालुओं की उम्मीद को पंख लगा दिए हैं। राज्य सरकार ने कॉरिडोर का रास्ता साफ करते हुए अपने वार्षिक बजट में बिहारीजी कॉरिडोर के लिए 150 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए है। इसमें 100 करोड़ जमीन खरीद और 50 करोड़ निर्माण के लिए दिए गए है।
मथुरा जिला प्रशासन और उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के प्रस्तावित प्लान के मुताबिक प्रस्तावित कोरिडर बनने के बाद करीब 10 हजार श्रद्धालु अपने आराध्य के सुगमतापूर्वक दर्शन कर सकेंगे। इसके अलावा राज्य सरकार ने 125 करोड़ का बजट पर्यटन विकास के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद को भी दिया है। यह धन राशि पिछले वित्तीय वर्ष में मिली राशि से पांच करोड़ रुपया ज्यादा है।
बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर बन जाने से श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना बढ जाएंगी। नगर में वर्तमान में प्रतिदनि जहां एक लाख श्रद्धालु आ रहे हैं; कॉरिडोर बन जाने के बाद यह संख्या पंाच से सात करोड तक बढ सकती है। इससे वृंदावन देश का धार्मिक पर्यटन का बडा केंद्र बन जाएगा। इससे पहले बनारस में काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण दिसंबर 2021 में हुआ। तब 48.42 लाख श्रद्धालुओं की संख्या थी। लेकिन दिसंबर 2022 में ये संख्या बढ़कर सात करोड़ पार कर गई।
मंगला आरती में मची थी भदगड़
वर्ष 2022 में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में मंगला आरती के दौरान भगदड़ मचने से दो श्रद्धालुओं की मृत्यु के बाद पांच एकड़ में गलियारा बनाने का प्रस्ताव हुआ था। हाई कोर्ट की हरी झंडी मिलने के बाद प्रदेश सरकार ने सोमवार को प्रस्तुत किए गए बजट में 150 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। इससे गलियारा निर्माण की ओर सरकार ने कदम बढ़ा दिए हैं। गलियारा की जद में आने वाले 285 भवनों का पूर्व में ही चिन्हांकन किया जा चुका है।



