वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में शरद पूर्णिमा में श्रीबांकेबिहारी के दर्शन। फाइल फोटो
शरद पूर्णिमा पर आज मोरमुकुट पहन बांसुरी धारण करेंगे ठाकुर श्रीबांकेबिहारी जी महाराज
चंद्रमा की अमृतमयी किरणों में नहाएंगे बिहारी जी, श्रद्धालुओं में उत्साह
वृंदावन। शरद पूर्णिमा की पावन रात्रि इस बार एक बार फिर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में दिव्य और अलौकिक सौंदर्य का साक्षी बनेगी। चांदनी रात में ठाकुरजी मोरमुकुट धारण कर अपने हाथों में बांसुरी लेकर भक्तों को वह मनोहर रूप दिखाएंगे, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालु पूरे वर्ष प्रतीक्षा करते हैं।
वर्षभर में केवल एक बार शरद पूर्णिमा की रात ही ठाकुर श्रीबांकेबिहारी जी बांसुरी धारण करते हैं। इस दिन को बांकेबिहारी मंदिर में “शरद रास दर्शन” के रूप में मनाया जाता है। मंदिर के सेवायतों द्वारा ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इस अवसर पर ठाकुरजी श्वेत रंग के वस्त्रों और मोरमुकुट से सुसज्जित होकर भक्तों को दर्शन देंगे। चांदनी की शीतल किरणों के बीच ठाकुरजी की मधुर मुस्कान और बांसुरी की छवि भक्तों को भक्ति और प्रेम में सराबोर कर देगी।
मंदिर परिसर में पुष्प सजावट, रजत दीपों और विशेष आरती की तैयारियां चल रही हैं। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात ठाकुरजी को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा और रासलीला प्रसंग पर आधारित भजन-संध्या भी आयोजित होगी।
श्रद्धालुओं में उत्साह, वृंदावन में बढ़ी चहल-पहल
इस पावन अवसर पर देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु ठाकुरजी के दर्शन हेतु वृंदावन पहुंच रहे हैं। होटल, धर्मशालाएं और आश्रम श्रद्धालुओं से भरे हुए हैं। दर्शन के लिए लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई हैं और मंदिर के आस-पास सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। शरद पूर्णिमा के दिन ठाकुरजी के दर्शन को “शरद रास दर्शन” कहा जाता है ऐसा माना जाता है कि इसी रात श्रीकृष्ण ने रास रचाया था और चंद्रमा अपनी सोलह कलाओं से पूर्ण होकर ब्रजभूमि को अमृतमय बना देता है।
धार्मिक मान्यता
शास्त्रों के अनुसार, शरद पूर्णिमा की रात को चंद्रमा अमृतमयी किरणें बरसाता है और जो भक्त इस रात ठाकुरजी का दर्शन करता है, उसके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है।ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी का कहना है कि “शरद पूर्णिमा की चंद्रमा किरणें स्वयं श्रीकृष्ण की रासलीला का प्रतीक हैं। ठाकुरजी का मोरमुकुट और बांसुरी धारण करना दिव्य प्रेम की चरम अभिव्यक्ति है।”
भक्ति का चरम क्षण
मंदिर के चारों ओर दीपमालाएं सजाई जा रही हैं। संध्या से लेकर अर्धरात्रि तक ठाकुरजी के दर्शन खुले रहेंगे। भक्तों को इस विशेष अवसर पर दूध से बने प्रसाद और खीर का वितरण किया जाएगा, जिसे अमृत खीर कहा जाता है। मंदिर प्रबंधन ने अपील की है कि श्रद्धालु शांति और अनुशासन के साथ दर्शन करें, ताकि सभी भक्त ठाकुरजी के दिव्य स्वरूप का आनंद ले सकें।



