कभी कमाता था लाखों में, आज है दुनिया का सबसे गरीब आदमी
दुनिया के सबसे धनी इंसान का नाम तो लगभग सभी लोग जानते हैं. लेकिन, क्या आपको पता है कि दुनिया में सबसे गरीब कौन है? ज्यादातर लोग नहीं जानते कि यह अनचाहा खिताब संसार में किस इंसान को मिला है. आपको बता दें कि दुनिया का सबसे गरीब इंसान (Poorest Man In The World) एक फ्रांसीसी नागरिक जेरोम केर्विएल (Jerome Kerviel) है. केर्विएल को सबसे गरीब आदमी का खिताब इसलिए मिला है क्योंकि उनके सिर पर जितना कर्ज है, उतना कर्ज दुनिया के किसी अन्य इंसान पर नहीं है. केर्विएल यूरोप के सबसे बड़े बैंकों में से एक, Société Générale के पूर्व कर्मचारी हैं. जेरोम के पास फाइनेंस में मास्टर डिग्री है और उन्हें कंप्यूटर जीनियस माना जाता है.
ऐसा नहीं है कि जेरोम के पास खाने को कुछ नहीं है या पहनने को कपड़े नहीं है. उनके पास ये सब चीजें हैं. दुनिया में सबसे गरीब आदमी को चुनना काफी मुश्किल काम है. कुछ लोग जेरोम को सबसे गरीब आदमी मानने पर सवाल भी उठाते हैं. उनका कहना है कि दुनिया में ऐसे लोग भरे पड़े हैं, जिनके सिर पर छत नहीं है. दो वक्त का खाना नहीं मिलता और कपड़े और जूते भी उन्हें मुश्किल से मिलते हैं. लेकिन, जेरोम को दुनिया का सबसे गरीब इंसान बताने वालों का कहना है कि किसी के पास कपड़े या खाना नहीं होने से वो जेरोम जितना गरीब नहीं हो सकता. ऐसा इसलिए है क्योंकि जेरोम के सिर ₹495,068,952,000 का कर्ज है.
कभी कमाता था साल में लाखों रुपये
जेरोम का जन्म फ्रांस के पोंट-अल आबे में हुआ. उनके पिता लोहार थे और मां हेयर ड्रेसर. ल्यूमेरे यूनिवर्सिटी लेयोन से उन्होंने फाइनेंस में मास्टर्स डिग्री हासिल की. पढ़ाई के बाद उन्होंने फ्रांस के Société Générale बैंक में जूनियर डेरेटिव ट्रेडर की नौकरी शुरू कर दी. उनकी तैनाती डेल्टा वन डिविजन में हुई जो सॉफ्टवेयर इनवेस्टमेंट, एक्सचेंजज, ईटीएफ, एल्गोरिदम ट्रेडिंग और इक्विटी डेरेटिव्ज की ट्रेडिंग में संलग्न थी. यहां उन्हें सालाना वेतन के रूप में $5,449,798 मिलते थे.
ऐसे हुआ कंगाल
जेरोम को अमीर बनने की भूख थी. उन्हें कंप्यूटर की गहरी जानकारी थी. उनका यही कौशल उन पर भारी पड़ गया. कंपनी के सिस्टम की खामियों का फायदा उठाकर जेरोम ने कंपनी के पैसों से ही आर्बिट्रेज ट्रेडिंग शुरू कर दी और कंपनी को कानोंकान खबर न हुई. शुरुआत में इससे उन्होंने खूब पैसा कमाया. लेकिन बाद में उन्हें नुकसान होने लगा. जेरोम ने साल 2006 के अंत में यह काम शुरू किया था. लगभग एक साल में उन्होंने 73 बिलियन डॉलर ट्रेडिंग में लगा दिए. 19 जनवरी 2008 को उनका यह फर्जीवाड़ा Société Générale की पकड़ में आ गया.
बैंक को हुआ अरबों का नुकसान
जेरोम द्वारा सालभर बैंक के पैसों में की गई हेरफेर से Société Générale को 7.2 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ. 2008 में जेरोम पर विश्वास के उल्लंघन, जालसाजी और कंप्यूटर के अनधिकृत उपयोग के के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ. जिस समय जेरोम का घोटाला सामने आया उस समय जेरोम भारी कर्जे में घिर चुका था. उसके सिर $6.3 बिलियन का कर्ज था.
3 साल काटी सजा
जेरोम को साल 2015 में 3 साल की सजा हुई थी. वो सजा काटकर अब जेल से बाहर आ चुके हैं. जीवन को दोबारा पटरी पर लाने को वे हाथ-पैर तो मार रहे हैं, पर शायद ही वे अपने ऊपर चढ़े इस भारी-भरकम कर्ज को उतार पाएंगे और दुनिया के सबसे गरीब इंसान के टैग से पीछा छुड़ा पाएंगे.



