यमुना स्वच्छ और अविरल होगी, चलेगा व्यापक अभियानः ओम बिरला

  • Monday March 03 2025 - 09:52 PM
  •  

  • लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने परिवार के साथ केशीघाट पर किया यमुना पूजन
  • लोकसभा अध्यक्ष का परिवार आज करेगा ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा

वृंदावन। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि वह भगवान कृष्ण की लीला भूमि में आराध्य के दर्शन और यमुना को नमन करने आए हैं। यमुना स्वच्छ और अविरल होगी इसके लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

यह बात उन्होंने केशी घाट पर यमुना पूजन के दौरान कहीं। उन्होंने केशी घाट पर सोमवार सुबह यमुना पूजन एवं दुग्धाभिषेक किया। बिरला परिवार के तीर्थ पुरोहितों के सानिध्य में यमुना महारानी मंदिर के सेवाधिकारियों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कराने के साथ ही ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा का संकल्प लिया। 

इसी के साथ ही लोकसभा अध्यक्ष का परिवार के 70 सदस्य ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष का परिवार द्वारा यह परिक्रमा सात दिन में संपन्न करेगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पत्नी, बेटी एवं दामाद एवं परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सुबह केशीघाट पहुचे। परिवार के तीर्थ पुरोहित अजय शर्मा, आशु शर्मा एवं रोहित शर्मा के सानिध्य में यमुना मंदिर के सेवाधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला, सनत गोस्वामी और राहुल शुक्ला ने विधि विधान से यमुना का पूजन कराया। इसके बाद दुग्धाभिषेक और आरती की। उन्होंने यहां सात दिवसीय ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग का संकल्प लिया। इसके बाद उन्होंने ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर और गोवर्धन में जतीपुरा में गिरिराज महाराज की पूजा अर्चना की। 

उन्होंने प्रेम महाविद्यालय में राजा महेंद्र प्रताप सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद वह ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में आराध्य के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मंदिर के सेवाधिकारी निकुंज वर्धन गोस्वामी ने पूजन कराया। इसके वह परिवार के साथ गोवर्धन जतीपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक किया। इससे पहले केशीघाट पर तीर्थ पुरोहित महासभा के पदाधिकारियों ने यमुना प्रदूषण मुक्त कराने और वृंदावन को रेलमार्ग से जोड़ने की मांग की है। 

तीर्थ पुरोहित अजय शर्मा एवं आशु शर्मा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का परिवार ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा करेगा। लोकसभा अध्यक्ष यमुना पूजन एवं मंदिरों के दर्शन कर दिल्ली चले जाएंगे, लेकिन उनका परिवार सात दिन वृंदावन में ही प्रवास कर ब्रज चौरासी परिक्रमा करेगा। लोकसभा अध्यक्ष एवं उनका परिवार नगर के  रुक्मणी विहार स्थित तेजराम धर्मपाल चौरिटेबल ट्रस्ट में प्रवास कर रहे हैं। यह परिक्रमा नियमित  कार के माध्यम से की जाएगी। ब्रज चौरासी कोस के सभी प्रमुख मंदिर एवं देवालयों के दर्शन कराने के साथ ही उनका महत्व बताया जाएगा। पूजा अर्चना कराई जाएंगी। परिक्रमा मार्ग संपन्न होने पर परिवार के सभी 70 सदस्य दिल्ली के लिए रवाना होंगे।