वृंदावन के इस मंदिर के शिखर से होगा 8़0 किमी दूर स्थित आगरा के ताजमहल का दीदार
- कुबुब मीनार से तीन गुना ऊंचा होगा वृंदावन का श्रीवृंदावन चन्द्रोदय मंदिर
- मंदिर की नींव दुनिया की सबसे उंची इमारत बुर्ज खलीफा से भी तीन गुना गहरी
मथुरा। वृंदावन में दुनिया का सबसे विशाल, भव्य और ऊंचा मंदिर बनाया जा रहा है। भगवान राधाकृष्ण को समर्पित इस मंदिर का नाम श्री वृंदावन चन्द्रोदय मंदिर है। यह मंदिर कुतुब मीनार से भी तीन गुना ऊंचा होगा। इतना ही नहीं, इस मंदिर की नींव दुनिया की सबसे उंची इमारत बुर्ज खलीफा से भी तीन गुना गहरी होगी। भगवान कृष्ण की लीला भूमि पर बन रहे चन्द्रोदय मंदिर का पहला ब्लॉक बनकर तैयार हो गया है। वर्ष 2029 तक मंदिर के पूर्ण निर्माण की संभावना है।
अखिलेश यादव ने किया था शिलान्यास
वृंदावन-छटीकरा मार्ग स्थित अक्षय पात्र परिसर में आठ मार्च 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंदिर का शिलान्यास किया था। राष्ट्रपति प्रणव मुख़र्जी ने 16 नवंबर 2014 को आधारशिला रखी थी। इस्कॉन, बंगलौर द्वारा करीब 1800 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस मंदिर की कल्पना श्रील प्रभुपाद से 1972 में की थी जब वह भारत यात्रा के दौरान वृन्दावन आये थे।
पहला ब्लॉक हुआ तैयार
मंदिर का पहला ब्लॉक बनकर तैयार हो चुका है। इसमें कृष्ण-राधा की मूर्ति भी स्थापित की जा चुकी हैं। 70 मंजिला मंदिर की ऊंचाई 210 मीटर होगी और यह एक पिरामिड के आकार में बनाया जा रहा है। यह मंदिर मोराक्को की हसन मस्जिद से भी ऊंचा होगा।
55 मीटर गहरी है नींव
मंदिर की ऊंचाई 210 मीटर होने के चलते नींव पर विशेष ध्यान दिया गया है। नींव लगभग 55 मीटर गहरी रखी गई है तथा आधार 12 मीटर ऊंचा रखा गया है, जबकि दुबई स्थित दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा की नींव की गहराई 50 मीटर है। यह मंदिर नागर शैली में निर्मित गोविन्द देव मंदिर और मदन मोहन मंदिर को संयुक्त रूप से लेकर बनाया जा रहा है। इस मंदिर का प्रांगर लगभग 120 एकड़ है। इस मंदिर के 13 एकड़ भू भाग पर भगवान् श्रीकृष्ण को समर्पित 12 कनन वन का भी रोपड़ किया जा चुका है।
मंदिर के शिखर से देख पाएंगे ताजमहल
गगनचुम्बी मंदिर की ऊंचाई का अंदाजा ऐसे लगाया जा सकता है कि मंदिर के टॉप पर रखी जाने वाली टेलीस्कोप से आगरा के ताजमहल को देखा जा सकेगा। मंदिर से ताजमहल कि दूरी 80 किलोमीटर है। इमारत के प्रारंभिक तीन तलों पर चैतन्य महाप्रभु और राधा, कृष्ण एवं बलराम के मंदिर होंगे। इसमें तल से शिखर तक की यात्रा के लिए लगाई जाने वाली कैप्सूल लिफ्ट की तीव्रता आठ मीटर प्रति दो सेकंड होगी। इस तरह की छह कैप्सूल लिफ्ट लगाई जाएंगी, जोकि तल से शिखर तक की यात्रा कराएंगी।
नागर और आधुनिक शैली का बेजोड़ नमूना होगा मंदिर
द्रविड़, नागर और आधुनिक शैली में बनाये जा रहे मंदिर में 4डी तकनीक द्वारा देवलोक और देवलीलाओं के दर्शन भी किए जा सकेंगे। मंदिर के आसपास प्राकृतिक वनों का वातावरण तैयार किया जाएगा और यमुनाजी का प्रतिरूप तैयार कर नौका विहार जैसी सुविधाएं भी होंगी। एक गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है; जिसमें एक हजार गायों के रखने की क्षमता होगी।



