वृन्दावन: भगवान गोदारँगमन्नार का 81 चांदी के कलशों से किया ज्येष्ठाभिषेक
वृन्दावन। तीर्थ नगरी में दक्षिणा भारतीय शैली के प्रसिद्ध श्री रंग मन्दिर में नित्योत्सव की श्रृंखला में ज्येष्ठ मास कृष्णपक्ष की नवमी तिथि के साथ रेवती नक्षत्र के संयोग पर ज्येष्ठाभिषेक का दिव्य आयोजन किया गया। गुरुवार को भगवान गोदारँगमन्नार को भीषण गर्मी में शीतलता सेवा के उद्देश्य से महाभिषेक वैदिक विधिविधान से किया गया। 81 चांदी के कलशों से जलाभिषेक किया गया। जिसमें केसर, कपूर, नवांग हल्दी, चन्दन, जड़ी बूटियों मिश्रित जल के अलावा विभिन्न फलों का रस व आम के रस से भी भगवान का अभिषेक किया गया।
उत्सव प्रातः सवा दस बजे वैदिक मंत्रोचारण के मध्य शुरू हुआ। सर्वप्रथम अभिमंत्रित रजत कलशों को नौ नौ की कतार में स्थापित कर देश की पवित्र नदियों का आव्हान किया गया। आगम पंचरात्र पद्वति से पूजन प्रक्रिया में गौ दुग्ध, दही, घृत, मधु, शर्करा, इत्र इत्यादि पंचगव्य से अभिषेक शुरू किया गया। वेदपाठी विद्वानों ने श्री सूक्त,पुरुषसूक्त, वेंकटेश स्त्रोत, गुरूपरम्परा, श्री वरद वल्लभ स्त्रोत का सस्वर पाठ किया जा रहा था।जिससे आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति हो रही थी।
भगवान गोदा रँगमन्नार भगवान के चल श्री विग्रह को मंडपम में विराजित कर सूती परिधान धारण कराकर वैदिक मंत्रोच्चार करते हुए जलाभिषेक प्रारम्भ किया।लगभग तीन घण्टे तक अभिषेक की प्रकिया अनवरत जारी रही। तदोपरांत ठाकुरजी को नवीन वस्त्राभूषण धारण कराकर कुंभ आरती उतारी गयी।तदोपरांत भक्तो को आम्राभिषेक का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर सेवायत राम स्वामी, सीईओ अनघा श्री निवासन, मुख्य प्रबंधक आर.कृष्णन, राकेश दुबे,लखन पाठक,राजू स्वामी,चक्रपाणि मिश्रा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।



