अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
'मैं उनकी हिट लिस्ट में टॉप पर हूँ, मुझे मारने की साजिश रच रहा ईरान': डोनाल्ड ट्रंप का सनसनीखेज दावा
अंकारा/वाशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने तेहरान (ईरान सरकार) पर अमेरिका के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ईरान उन्हें जान से मारने की लगातार साजिशें रच रहा है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान की ओर से तैयार की गई दुश्मनों की सभी सूचियों (हिट लिस्ट) में उनका नाम सबसे ऊपर है।
नाटो शिखर सम्मेलन में बोले ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने यह बड़ा बयान तुर्किए की राजधानी अंकारा में आयोजित 2026 नाटो (NATO) शिखर सम्मेलन के दौरान दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान को लेकर अपने डर और गुस्से को खुलकर जाहिर किया।
ट्रंप ने कहा, "वे (ईरान) अमेरिका के नेता यानी मुझे रास्ते से हटाना चाहते हैं। मैं उनकी सभी लिस्ट में टॉप पर हूँ। अभी तक तो मेरी किस्मत अच्छी रही है (कि मैं सुरक्षित हूँ), लेकिन शायद ज्यादा समय तक ऐसा न हो।"
'इस कैंसर से जल्द पाना होगा छुटकारा'
ईरान प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए ट्रंप यहीं नहीं रुके। उन्होंने ईरान के नेतृत्व को बेहद क्रूर बताते हुए कहा, "वे बहुत ही दुष्ट और बुरे लोग हैं और हमें इस कैंसर से जल्द से जल्द छुटकारा पाना होगा।"
क्यों बढ़ा है दोनों देशों में तनाव?
राष्ट्रपति ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक और सैन्य तनाव एक बार फिर चरम पर है। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां पहले भी ट्रंप की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर रही हैं, लेकिन नाटो जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच से राष्ट्रपति द्वारा सीधे जान के खतरे का दावा करना वैश्विक राजनीति में एक नया भूचाल ला सकता है। इस बयान के बाद अब व्हाइट हाउस और अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की प्रतिक्रिया पर दुनिया भर की नजरें टिकी हुई हैं।



