माफिया अतीक अहमद का बेटा असद एनकाउंटर में ढेर, उमेश पाल हत्याकांड में था फरार

  • Thursday April 13 2023 - 10:54 PM
  •  

प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के बेटे असद अहमद की यूपी एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। असद उमेश पाल हत्याकांड में कई दिनों से फरार चल रहा था। उसके साथ एक अन्य कुख्यात अपराधी गुलाम भी मुठभेड़ में ढे़र हो गया।

यूपी एसटीएफ से आई जानकारी के अनुसार माफिया अतीक अहमद का बेटा असद और मकसूदन का बेटा गुलाम प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड में फरार चल रहे थे, दोनों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को इन दोनों की सरगर्मी से तलाश थी। इस दौरान झांसी में डीएसपी नवेंदु और डीएसपी विमल के नेतृत्व में यूपी एसटीएफ की टीम के साथ हुई मुठभेड़ में दोनों ढे़र हो गए। उनके पास से विदेशी अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं। 

वहीं यूपी एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि असद और गुलाम को जिंदा पकड़ने की कोशिश की गई थी, लेकिन उन्होंने एसटीएफ की टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वे दोनों मारे गए।

दिल्ली के संगम विहार में ठहरे थे दोनों

सूत्रों की मानें तो असद अहमद 27 फरवरी से 14 मार्च तक दिल्ली के संगम विहार में बदमाश खालिद के घर में रहा था। इसी जगह पर 29 मार्च को यूपी एसटीएफ ने छापा मारा था, लेकिन असद नहीं मिला। एसटीएफ ने यहां अतीक अहमद के खास खालिद से काफी पूछताछ की थी। असद अहमद को लॉजिस्टिक सपोर्ट करने वाले बदमाश खालिद की गिरफ्तारी उसके अगले दिन की गई थी, जिसके बाद स्पेशल सेल ने कई सारे इनपुट यूपी एसटीएफ को साझा किए थे।

उमेश पाल की पत्नी ने सीएम यागीे को दिया धन्यवाद

माफिया अतीक अहमद के बेटे असद अहमद के एनकाउंटर पर अधिवक्ता उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने कहा, ‘मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करती हूं. उन्होंने जो किया है बहुत अच्छा किया है। उन्होंने अपनी बेटी के सुहाग के कातिलों को सजा दिलाई है। आज इंसाफ हुआ है। 

सीएम योगी ने यूपी एसटीएफ के अधिकारियों की तारीफ की

उधर सीएम योगी ने एनकाउंटर में शामिल यूपी एसटीएफ के अधिकारियों की सराहना की है। सीएम योगी ने इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई है।