ब्रह्मोत्सव: फूलों से सजे पुष्पक विमान में भगवान गोदारँगमन्नार ने दिए दर्शन

  • Wednesday March 30 2022 - 10:03 AM
  •  

वृन्दावन। श्री रँग मन्दिर दिव्यदेश के ब्रम्होत्सव के अंतिम दिवस को देशी विदेशी पुष्पों से सजे पुष्पक विमान में विराजमान भगवान गोदा रँगमन्नार के दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वृन्दावन में ठाकुरजी के स्वागत में दक्षिण भारतीय परम्परा के अनुसार मुख्य मार्ग पर आकर्षक रंगोली सजायी गई। 

श्री रँगमन्दिर दिव्यदेश के दस दिवसीय ब्रम्होत्सव में भगवान गोदा रँगमन्नार प्रतिदिन स्वर्ण रजत निर्मित वाहनों में विराजित होकर भक्तों को कृतार्थ करते हैं। अंतिम दिवस मंगलवार को ठाकुर जी श्वेत वस्त्र एवं स्वर्ण आभूषण धारण कर अपने पार्षदों के साथ पुष्पक विमान में विराजमान हुए। सुसज्जित पुष्पक विमान में विराजे ठाकुरजी की दिव्याकर्षक छवि देखते ही बनते थी। गर्भगृह से बाहर आकर बारहद्वारी पर कुम्भ आरती उतारी गयी। 

मन्दिर परिसर से बाहर निकलते ही रंगनाथ भगवान के जयघोष गूंज उठे। भक्तो ने स्वागत में विभिन्न प्रकार के फूलों से आकर्षक रंगोली सजायी। मान्यता है कि पुष्पक विमान में सवार ठाकुरजी के दर्शन मात्र से मोक्ष की प्राप्ति होती है।