वृंदावन में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था होगी हाईटेक: एमवीडीए लगाएगा 200 एआई बेस्ड कैमरे

  • Sunday November 08 2026 - 01:50 AM
  •  

  • 17 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली की एजेंसी को सौंपी गई जिम्मेदारी
  • पानीगांव तिराहा से पागल बाबा तिराहा, छटीकरा मार्ग और परिक्रमा मार्ग के छूटे हुए हिस्सों में लगेंगे कैमरे
  • फेशियल रिकग्निशन और ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रीडिंग तकनीक से लैस होंगे कैमरे

वृंदावन। धार्मिक नगरी वृंदावन में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) एक बड़ी पहल करने जा रहा है। अब शहर में हर आने-जाने वाले पर आधुनिक "तीसरी आंख" यानी एआई (AI) बेस्ड सीसीटीवी कैमरों की पैनी नजर रहेगी। शासन से परियोजना को स्वीकृति मिलने के बाद एमवीडीए ने दिल्ली की एजेंसी 'ट्रांस लाइन टेक्नोलॉजी' को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी है, जो लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से इस प्रोजेक्ट को पूरा करेगी।

इन प्रमुख मार्गों पर स्थापित होंगे टावर और कैमरे

योजना के तहत पानीगांव तिराहा से लेकर पागल बाबा तिराहा तक पूरे भक्ति स्तंभ मार्ग, छटीकरा मार्ग और परिक्रमा मार्ग के उन छूटे हुए हिस्सों को कवर किया जाएगा, जहां अब तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इन सभी क्षेत्रों में विशेष टावर स्थापित कर अत्याधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे।

पर्यटन थाने के साइबर कार्यालय से जुड़ेगा कंट्रोल रूम

इन सभी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए पर्यटन थाने के साइबर कार्यालय में एक नया और आधुनिक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सीधी नजर रखी जा सकेगी।

अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे कैमरे

चेहरे की पहचान (Face Recognition): आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस ये कैमरे भीड़ के बीच से भी लोगों के चेहरों की पहचान करने में सक्षम होंगे।

वाहन नंबर प्लेट रीडिंग (ANPR): यह कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट को भी स्वतः रीड कर कंट्रोल रूम को समय-समय पर अपडेट और संदेश भेज सकेंगे, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा।

पहले लगे कैमरों की स्थिति

इससे पहले एमवीडीए द्वारा वर्ष 2021 में परिक्रमा मार्ग एवं प्रमुख तिराहे-चौराहों पर 138 कैमरे लगाए गए थे, जिनकी देखरेख एमवीडीए द्वारा की जा रही है। पूर्व में इन कैमरों का कंट्रोल रूम वृंदावन कोतवाली में बनाया गया था, जो लंबे समय से बंद चल रहा है और देखरेख के अभाव में वहां लगाई गई प्लाज्मा स्क्रीन व आधुनिक मशीनें धूल फांक रही हैं। नए प्रोजेक्ट के शुरू होने से एक बार फिर शहर की निगरानी व्यवस्था के मजबूत होने की उम्मीद है।

नगर में कुल 200 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जो न केवल सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करेंगे बल्कि यातायात को सुगम बनाने में भी बेहद मददगार साबित होंगे।
- लक्ष्मी एन, उपाध्यक्ष, एमवीडीए