वृंदावन में रथ का मेला 27 मार्च से, सोने-चांदी के विमानों पर निकलेंगे भगवान गोदारंगमन्नार
- दो अप्रैल को 50 फीट ऊंचे रथ पर विराजेंगे भगवान गोदारंगमन्नार
- होली और हाथी की सवारी के समय में किया परिवर्तन
वृंदावन। वृंदावन के दक्षिण शैली के सुपसिद्ध श्री रंगनाथ मंदिर का दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव 27 मार्च से विविध धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजित किया जाएगा। महेात्सव के मध्य 2 अप्रेल को विशाल रथ पर विराजमान होकर भगवान वैकुंठनाथ भ्रमण करेंगे। इसलिए यह रथ के मेला के नाम से प्रसिद्ध है। ब्रज के अनूठे उत्सव को लेकर मंदिर प्रबंधन द्वारा तैयारिया की जा रही है।
इस संबंध में गुरुवार को मंदिर में मंदिर की सीईओ अनघा श्रीनिवासन ने बताया कि श्री रामानुज संप्रदाय की श्री वैष्णवीय परंपरा के प्रमुख दिव्यदेश में से एक श्री रंगनाथ मंदिर का अपनी विशिष्ट पूजा पद्धति के कारण उत्तर भारत के प्रमुखतम देवालयों में अलग स्थान है।
सन 1851 में निर्मित दक्षिण भारतीय वास्तु शैली के इस दिव्यदेश में भगवान रंगनाथ, श्री तिरुपति बालाजी,भगवान नरसिंह, भगवान सुदर्शन के श्री विग्रह प्रमुख रूप से विराजित है। श्री रंगनाथ मंदिर में वैसे तो प्रतिदिन मंगल उत्सवों की श्रंखला अनवरत रूप से जारी रहती है, लेकिन इनमें सबसे प्रमुख ब्रह्मोत्सव है। जिसका उदभव वैदिक परंपरा से हुआ है।
ब्रह्मोत्सव की यह है मान्यता
मान्यता है कि सृष्टि रचियता ब्रह्मा जी ने अखिल ब्रह्मांड नायक भगवान को प्रसन्न करने के लिए लोक कल्याण की भावना से इस उत्सव का प्रारम्भ किया था। जिसमें भक्तो का कल्याण करने के लिए भगवान विष्णु वैकुंठ लोक से बाहर निकलकर दर्शन देने आते हैं। ब्रह्मोत्सव का शुभारंभ अंकुरारोपण, देव आह्वान, ध्वजारोहण से होता है।जिसमे दक्षिण भारतीय वेदपाठी विद्वान वेदमंत्रो से आव्हान करते हैं। मंदिर के प्रबंधक श्री कृष्णन जी ने बताया प्रथम दिवस 27 मार्च को प्रातः काल ठाकुर रंगनाथ भगवान स्वर्ण निर्मित पूर्ण कोठी में विराजित होकर भक्तो को कृतार्थ करेंगे। इसी क्रम में ठाकुर गोदारंगमन्नार भगवान प्रतिदिन स्वर्ण रजत निर्मित वाहन सूर्यप्रभा,चंद्रप्रभा, गरुण जी,हनुमान जी, पालकी, सिंह,अश्व, सिंहशार्दुल पर विराजित होकर दर्शन देते हैं।लेकिन मुख्य आकर्षण विशालकाय चंदन निर्मित रथ यानि रथ का मेला है। जो अपनी अद्भुत कला शैली के कारण भक्तो में लोकप्रिय है।
50 फीट ऊंचे रथ में पर चलेंगे भगवान गोदारंगमन्नार
मंदिर के स्वामी रघुनाथ ने बताया कि लगभग 50 फीट ऊंचे रथ में ठाकुरजी चैत्र कृष्णपक्ष की नवमी तिथि पर अपने परिकर के साथ विराजमान होकर भक्तो को कृतार्थ करते हैं। रथ के मेले से पूर्व दिवस होली का आयोजन होगा।जिसमे ठाकुर जी कांच के विमान पर सवार होकर भक्तो पर कृपा रंग बरसाते है। वहीं रथ के मेले के अगले दिन भगवान स्वर्ण निर्मित अश्व पर सवार होते हैं। जिसमें बड़ा बागीचा पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया जाता है। सवारी के मंदिर वापसी पर भील लूटन लीला का आयोजन किया जाएगा। समापन 5 अप्रैल को अद्वितीय पुष्पक विमान से होगा। तदोपरांत स्वर्ण स्तंभ पर विराजित भगवान के प्रमुख वाहन गरुण जी को वेद मंत्रों से विदाई दी जाती है।
होली और हाथी की सवारी के समय में किया परिवर्तन
इस वर्ष ब्रह्मोत्सव में एक अप्रैल को होने वाली रंगनाथ मंदिर की होली की सवारी और हाथी की सवारी के समय में परिवर्तन किया गया है। इस बार एक अप्रैल को होली की सवारी प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक निकलेगी। वहीं हाथी की सवारी का समय शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक रहेगा। यह जानकारी मंदिर की सीईओ अनघा श्रीनिवासन ने दी।



