राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS)
वृंदावन।संघ के 100 वर्ष: हर घर दस्तक अभियान से पहुंचेगा राष्ट्रवाद का संदेश
- स्वयंसेवकों की टोलियां लोगों के बीच जाकर करेंगी संघ विस्तार
- ग्राम पंचायत स्तर पर होंगी बौद्धिक, हिंदू सम्मेलन एवं प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठी
मथुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ ने एक विशेष अभियान की घोषणा की है। इस अभियान के तहत स्वयंसेवक देशभर में घर-घर जाकर भारत माता का चित्र भेंट करेंगे और राष्ट्रवाद का संदेश देंगे। साथ ही, ग्राम पंचायत स्तर पर बौद्धिक कार्यक्रम, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों का आयोजन कर संघ की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
घर-घर दस्तक अभियान
केशवधाम के निदेशक ललित कुमार ने बताया कि 10 नवंबर से 10 दिसंबर तक संघ के स्वयंसेवक टोलियां बनाकर लोगों के बीच जाएंगे। इस दौरान हर घर पर भारत माता का चित्र दिया जाएगा और संघ साहित्य उपलब्ध कराया जाएगा। उद्देश्य है कि समाज के हर वर्ग में राष्ट्र के प्रति चेतना जागृत हो और लोग संघ के पंच परिवर्तन सिद्धांतों से जुड़ें।
पंच परिवर्तन का संदेश
स्वयंसेवक जब घर-घर जाएंगे, तो वे पंच परिवर्तन का संदेश भी देंगे। इसमें शामिल हैं:
- समरसता – समाज में समानता और भाईचारे का संदेश।
- कुटुंब प्रबोधन – परिवारिक मूल्यों और संस्कारों का संवर्धन।
- पर्यावरण संरक्षण – प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा।
- स्व का बोध – अपनी संस्कृति और परंपरा के प्रति गर्व।
- नागरिक कर्तव्य – राष्ट्र निर्माण में नागरिक जिम्मेदारी निभाना।
शस्त्र पूजन और पथ संचलन
संघ ने घोषणा की है कि 28 सितंबर से 5 अक्टूबर तक ग्राम पंचायत और बस्तियों में शस्त्र पूजन, पथ संचलन और सभाएं आयोजित की जाएंगी। इसमें स्वयंसेवक बौद्धिक कार्यक्रमों के जरिए लोगों को राष्ट्रवाद और संघ की दृष्टि से अवगत कराएंगे।
हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठी
जनवरी में खंड स्तर पर हिंदू सम्मेलन आयोजित होंगे, जिनमें संत-महात्मा और बुद्धिजीवी प्रवचन देंगे। फरवरी माह में संघ प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियां करेगा, जिनका उद्देश्य समाज की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रयास करना होगा।
शाखाओं का विस्तार
वर्तमान में संघ की देशभर में लगभग 90 हजार शाखाएं हैं। संघ का लक्ष्य है कि 10 हजार की आबादी पर एक शाखा स्थापित की जाए। मथुरा जिले में पहले जहां 7300 शाखा स्थान थे, अब इनकी संख्या बढ़कर 8300 हो गई है। संघ आने वाले वर्षों में शाखाओं के विस्तार के साथ मासिक मंडली और साप्ताहिक मिलन को भी बढ़ावा देगा।
संघ का उद्देश्य
ललित कुमार ने कहा कि संघ रूढ़ीवादी नहीं है, बल्कि उसका उद्देश्य राष्ट्रवाद की भावना को सर्वोपरि रखते हुए समाज को संस्कारित और सशक्त बनाना है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर यह संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा।



