Success Story: IPS बनने की ऐसी जिद कि 36 लाख की नौकरी छोड़ी, तीन बार फेल हुए और फिर मिली सफलता

  • Thursday May 25 2023 - 08:23 PM
  •  

नई दिल्ली। जीवन में कुछ करने की यदि कोई ठान ले तो फिर कठिन सफर होने पर कामयाबी मिल ही जाती है। यूपीएससी सीएसई 2022 (UPSC CSE 2022 Result) रिजल्ट जारी हो गया है। इस परीक्षा के परिणाम आने पर जो युवा टॉपर्स रहे उनकी कहानियों से जिंदगी का सबक सीखा जा सकता है साथ ही कुछ करने की प्रेरणा भी मिलती है। हर व्यक्ति की सफलता के पीछे उसकी कुछ कर गुजरने की ईच्छा शक्ति और त्याग हैं। यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में बेहतरीन रैंक हासिल करने वाले रोबिन बंसल भी ऐसे ही युवाओं में से एक हैं। जिनकी सक्सेस स्टोरी जानकर जहां आपको हैरानी होगी वहीं आपको जीवन में लक्ष्य प्राप्त करेन के लिए प्रेरणा मिलेगी। 

यूपीएससी टॉपर्स लिस्ट 2022 में शामिल रोबिन बंसल पंजाब के लेहरागागा के रहने वाले हैं। मध्यम वर्ग के परिवारप से ताल्लुक रखने वाले रोबिन बंसल ने कभी असफलताओं के आगे घुटने नहीं टेके। वह अपने लक्ष्य को लेकर स्पष्ट थे और उसे हासिल करने की ठान ली थी। इसके लिए वह लगातार मेहनत करते रहे। यूपीएससी परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने अपनी 36 लाख के पैकेज वाली नौकरी भी छोड़ दी थी। वह तीन बार यूपीएससी परीक्षा में असफल हो गए थे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

रोबिन बंसल (Robin Bansal) ने आईआईटी दिल्ली से बी.टेक की डिग्री हासिल की है। उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई के साथ ही यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने साल 2019 में पहली बार यूपीएससी परीक्षा दी थी, लेकिन वह असफल हो गए थे। वह एक नहीं दो नहीं बल्कि तीन बार प्रतियोगी परीक्षा में असफल हुए लेकिन फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी और जुटे रहे। आखिरकार 2022 के रिजल्ट में 135वीं रैंक के साथ उन्होंने अपना सपना पूरा कर लिया।

 रोबिन के पिता विजय बंसल अपने बेटे की कामयाबी से बेहद खुश हैं और उन पर गर्व महसूस कर रहे हैं। पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा और लहरागागा से आम आदमी पार्टी के विधायक ने घर जाकर रोबिन को बधाई दी। रोबिन की बहन एलिजा बंसल का सफर भी काफी खास रहा है। उन्होंने AIIMS 2018 की परीक्षा में टॉप किया था। फिलहाल वह  AIIMS में इंटर्नशिप कर रही हैं और दिसंबर में उनका एमबीबीएस की पढाई पूरी हो जाएगी। रोबिन ने मीडिया इंटरव्यू में बताया कि वह आईपीएस (IPS) बनना चाहते हैं।