प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपने हाथों से मनाई राखियां दिखाती वंृंदावन की विधवा व वृंद्ध महिलाएं।
वृंदावन की विधवा एवं वृद्ध महिलाएं रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री मोदी को बाधेंगी 1001 हस्तनिर्मित राखियां
वृंदावन। भक्ति, गरिमा और सामाजिक परिवर्तन की एक मार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वृंदावन की बुजुर्ग विधवा महिलाओं का एक समूह इस रक्षाबंधन पर नई दिल्ली जाएगा। यह महिलाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर उन्हें 1001 विशेष रूप से हस्तनिर्मित राखियां और मिठाइयां भेंट करेंगी।
ये अनोखी राखियां वृंदावन के मां शारदा और अन्य आश्रमों में रहने वाली विधवाओं द्वारा तैयार की गई हैं। प्रत्येक राखी को भगवान राम, भगवान कृष्ण और प्रधानमंत्री की छवियों से सजाया गया है जो आध्यात्मिक जुड़ाव और व्यक्तिगत स्नेह का प्रतीक है। इन आश्रमों की महिलाएं पिछले कई वर्षों से प्रधानमंत्री को राखी बांध रही हैं।
इस पहल के बारे में सुलभ इंटरनेशनल के अध्यक्ष कुमार दिलीप ने कहा कि चार महिलाएं दिल्ली जाएंगी और प्रधानमंत्री को राखियां और मिठाइयां भेंट करेंगी। यह सुलभ द्वारा पोषित उस भावनात्मक यात्रा का एक और पड़ाव है, जिसमें हमारी विधवा महिलाएं गरिमा और आनंद के साथ रक्षाबंधन मनाती हैं।
पिछले पखवाड़े मां शारदा आश्रम में एक राखी निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई, जहां लगभग एक दर्जन विधवाओं ने उत्साहपूर्वक राखियां बनाई और सजाईं। आज, सैकड़ों विधवाएं वृंदावन के ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में एकत्र हुईं, जहां उन्होंने आशीर्वाद दिया और अंतिम तैयारियां पूरी कीं। इस अवसर पर कुमार दिलीप और नित्या पाठक भी उपस्थित रहे, जो विधवाओं के सामाजिक और भावनात्मक सशक्तिकरण के प्रति सुलभ की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस पहल की शुरुआत सुलभ आंदोलन के संस्थापक डॉक्टर बिंदेश्वर पाठक ने की थी। जिनका उद्देश्य विधवाओं को होली, दिवाली और रक्षाबंधन जैसे प्रमुख हिंदू त्योहारों में सम्मिलित कर सामाजिक बहिष्कार समाप्त करना था।
इस दल में लगभग 70 वर्षीय चाबी शर्मा समेत तीन अन्य महिलाएं बहुत उत्साहित हैं कि वे प्रधानमंत्री के निवास पर जाएंगी। वहीं 81 वर्षीय मनु घोष पूर्व में भी प्रधानमंत्री को राखी बांध चुकी हैं, इन्होंने कहा कि “भले ही इस बार मैं यात्रा न कर सकूँ, लेकिन प्रधानमंत्री के लिए राखियां बनाकर मुझे बेहद खुशी मिल रही है। ये सारी राखियां हमारे मोदी भैया के लिए प्रेम से भरी हैं।”
सुलभ इंटरनेशनल के विधवा कल्याण कार्यक्रम ने वृंदावन की सैकड़ों विधवाओं को आशा, सम्मान और परिवार का एहसास दिलाया है। स्वास्थ्य सेवा और पोषण से लेकर सांस्कृतिक समावेशन तक, यह संस्था लगातार मानवीय आधार पर उन लोगों को गरिमा लौटाने का कार्य कर रही है, जिन्हें समाज ने एक समय भुला दिया था।



