नकली दवा सिंडिकेट का भंडाफोड़ : पांच और गोदाम रडार पर, 71 करोड़ की दवाएं जब्त, जांच में 40 विक्रेता फंसे

  • Tuesday September 02 2025 - 12:32 PM
  •  

आगरा। नकली दवा मामले की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। अधिकारियों की मानें तो अभी 10 फीसदी ही कार्रवाई हुई है। नकली दवा का ये सिंडिकेट अंतरराज्यीय है। इसमें अभी 40 दवा विक्रेताओं के साक्ष्य मिले हैं। इनके कई और गोदाम हो सकते हैं। अभी टीम को पांच गोदाम का इनपुट मिला है। इन सभी की खुफिया जांच चल रही है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की अपर आयुक्त रेखा एस. चौहान ने बताया कि नकली दवा मामले की जांच अभी शुरुआती दौर है। अभी चार गोदामों की जांच हुई है। इनमें करीब 71 करोड़ की दवाएं सीज की हैं। जांच में अभी तमिलनाडु, पुुडुचेरी, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र का कनेक्शन मिला है। कई और राज्यों में भी काले कारोबार की आशंका है। इस सिंडिकेट में विक्रेता, हॉकर, कुरियर कंपनी के कर्मचारी की मिलीभगत मिली है। 

जांच को उलझाने के लिए एक बिल को कई बार दर्शाया गया। डमी फर्म भी बनाई है। माफिया के और भी गोदाम होने के इनपुट मिले हैं। जांच में माफिया मोटा किराया देकर घनी आबादी या फिर दूरदराज के क्षेत्र में भवन लेते हैं। इनमें गोदाम बनाकर दवाओं के भंडारण करने की जानकारी मिली है। इसकी औषधि विभाग के साथ ही खुफिया विभाग भी इनकी खोज करने के लिए लगे हुए हैं।

अब तक हुई कार्रवाई

22 अगस्त: टेंपो में लदी 80 लाख रुपये की टैबलेट एलेग्रा 120 एमजी जब्त कीं। इसमें यूनिस, वारिस, विक्की कुमार, सुभाष कुमार, हिमांशु और फरहान के खिलाफ केस दर्ज कराया गया।

24 अगस्त: हे मां मेडिकोज का संचालक एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने के मामले में पकड़ा। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम धारा-8 के तहत हिमांशु अग्रवाल के जेल भेजा।

28 अगस्त: हे मां मेडिकोज मोती कटरा स्थित गोदाम में तीन दवाएं रोसुवास 20-40 और एलेग्रा 120 एमजी की 2.20 करोड़ रुपये की सीज कीं। मोती कटरा में ही 60 करोड़ की दवाओं से भरा गोदाम सील किया। जांच के लिए 14 नमूने लिए। इसमें हिमांशु अग्रवाल, मीनाक्षा फार्मा पुडुचेरी के एके राजा, न्यू बाबा फार्मा लखनऊ के संचालक विक्की कुमार, पार्वती ट्रेडर्स लखनऊ के संचालक सुभाष कुमार के खिलाफ केस दर्ज कराया गया।

30 अगस्त: राधे मेडिकल एजेंसी, मोती कटरा स्थित दो मंजिला गोदाम में 10 करोड़ रुपये की दवाएं सीज की गईं। इसका संचालक अभी मौके पर नहीं आया है।

31 अगस्त: बंसल मेडिकल एजेंसी, एमएसवी मेडी प्वाइंट, ताज मेडिकाे में फर्जी अभिलेखों से नकली दवाओं का कारोबार संचालित करने पर नाै के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया गया। इन तीनों फर्म ने एक अप्रैल से 22 अगस्त तक 55 करोड़ की दवाओं का कारोबार किया है। 4.50 लाख की दवाएं जब्त की हैं। जांच के लिए 10 नमूने लिए हैं।