मिशन 2024: UP में डैमेज कंट्रोल करेंगे BJP के विस्तारक

  • Monday May 22 2023 - 07:59 AM
  •  

वृन्दावन। भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दो दिवसीय प्रादेशिक विस्तारक प्रशिक्षण वर्ग का रविवार को समापन हो गया। नगर के रूक्मणि विहार स्थित दिल्ली धाम में आयोजित वर्ग में प्रदेशभर से करीब 150 पूर्णकालिक विस्तारकों ने सहभागिता की। आगामी लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ जीत दर्ज करने के उद्देश्य से संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने दिशा दिखाने का कार्य किया। भाजपा ने सरकारी योजनाओें को आम जन तक पहुंचाना और लोगों के बीच पैंठ बनाने पर जोर दिया। 

प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन तीन सत्र चले। पहले सत्र में यूपी के संगठन महामंत्री धर्मपाल ने यूपी में जिन विधानसभा और लोक सभा सीटों पर बीजेपी की हारी हुई उन सीटों पर संबंधित क्षेत्रों के विस्तारकों से साथ समीक्षा करने के साथ ही वहां की समस्याएं और पार्टी नेताओं के रूख को लेकर समीक्षा की। हार के कारण के साथ प्रत्याशियों की स्थिति पर भी मंथन किया गया और यूपी की उन सीटों पर कैसे डैमेज कंट्रोल किया जाए, इसकी कार्ययोजना पर भी विस्तारकों के साथ चर्चा की। यह पहला सत्र करीब 2 घंटे चला।

वर्ग का दूसरा सत्र करीब डेढ घंटे चला। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने हारी हुई विधानसभा और लोकसभा सीट के अलावा पार्टी के लिए कमजोर साबित हो रही सीटों पर भी खुलकर चर्चा की। इसके साथ ही विस्तारकांे को यूपी की लोकसभा की सभी 80 सीटों पर जीत हासिल करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव जीतने के बाद कार्यकर्ता जनता से दूरी न बनाएं। बल्कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की सुदृढ़ कानून व्यवस्था और रोजगार बढाने के लिए आ रहे निवेश और सरकारी योजनाओं को जन -जन तक पहुंचाने और उन्हें बताने का कार्य करें। मोदी, योगी की नए भारत और यूपी की तस्वीर दुनिया के सामने पेश की है, उसे लोगों के सामने लेकर आए। 

तीसरे सत्र में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल जोशी ने पूर्णकालिक विस्तारकों को जन जन तक पार्टी की रीति-नीति को पहुंचाने के साथ ही केन्द्र एवं प्रदेश सरकारों की लाभकारी योजनाएं और कार्यों को लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया।

प्रशिक्षण वर्ग में ये रहे मौजूद 

प्रशिक्षण वर्ग में क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्ग विजय शाक्य, प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, दुर्गपाल, मथुरा के नवनिर्वाचित मेयर विनोद अग्रवाल, प्रदीप गोस्वामी, चन्द्रपाल कुंतल, संजय गोविल, राजू यादव, मिलन भाटिया, विनीत शर्मा, प्राणबल्लभ दुबे एवं कार्यक्रम संयोजक अनिल चौधरी  आदि उपस्थित थे।