भगवान गोदारंगमन्नार ने मध्य रा़ित्र तक पुष्पक विमान पर भ्रमण कर भक्तों को दिए दर्शन

  • Thursday March 27 2025 - 11:51 PM
  •  

वृंदावन। उत्तर भारत में श्री रामानुज संप्रदाय के विशालतम श्री रंगनाथ मंदिर के दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव के अंतिम दिन भगवान गोदा रंगमन्नार देशी विदेशी पुष्पों से सुसज्जित भव्याकर्षक पुष्पक विमान पर विराजित होकर भक्तों को दर्शन दिए। ठाकुरजी की इस अलौकिक छवि को निहारने के लिए भक्तो का सैलाब उमड़ पड़ा।

कोलकाता के कारीगरों ने 24 घंटे में तैयार किया पुष्पक विमान 

श्री रंगनाथ मंदिर के ब्रह्मोत्सव में बुधवार की देर रात रंगनाथ मंदिर से भगवान की सवारी विविध प्रकार के देशी विदेशी पुष्पों से सुसज्जित पुष्पक विमान में विराजमान होकर निकली। इस विमान को वृंदावन और कोलकाता के 24 कारीगरों ने 24 घंटे से ज्यादा समय में तैयार किया। जिस वाहन में भगवान विराजमान थे उस पर की गई आकर्षक कलाकारी भक्तों को आनंद प्रदान कर रही थी। केले के पेड़ से बनाए मोर हों या फिर विमान के आगे लगा हंस विमान की सुंदरता को चार चांद लगा रहे थे। 

भगवान को 12 तरह के भोग लगाए गए

भगवान रंगनाथ के ब्रह्मोत्सव के अंतिम दिन निकाली गई पुष्पक विमान की सवारी से पहले भगवान का पुष्पार्चन हुआ। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रों के बीच भगवान को पुष्प अर्पित किए। इससे पहले भगवान को 12 तरह के भोग लगाए और 12 आरती की। रात करीब 10.30 बजे भगवान रंगनाथ की पुष्पक विमान पर विराजमान भगवान की सवारी जैसे ही मंदिर परिसर से निकलकर पश्चिम द्वार पर पहुंची तो भक्तों ने उनके स्वागत के लिए फूलों से रंगोली बनाई हुई थी। 

भक्तों ने भगवान का रंगोली सजाकर एवं महाआरती कर किया स्वागत 

भगवान का पुष्पक विमान करीब 50 फीट लंबी और 30 फीट चौड़ी फूलों से बनी रंगोली पर चलकर आगे बढ़ा तो भक्तों ने महाआरती की। पश्चिम द्वार पर ऐसा लगा जैसे भगवान बादलों के बीच से जा रहे हैं। यहां राधारानी की ननिहाल मुखराई गांव से आए चरकुला कलाकारों ने चरकुला नृत्य कर भगवान की आराधना की। भगवान की सवारी जब आगे बढ़ी तो रास्ते भर में भक्तों ने फूलों और रंगों से बेहद ही आकर्षक रंगोली बना रखी थी। जगह जगह महाआरती की गई। 

गरूण स्तंभ का ध्वज उतारकर ठाकुरजी को दी गई विदाई

मध्य रात्रि उपरांत करीब 12.30 बजे भगवान की सवारी नगर भ्रमण करने के बाद पुनः मंदिर परिसर पहुंची। जहां गरुड़ स्तंभ के समीप मंडप में भगवान को विराजित कर वैदिक उत्सव के दौरान अज्ञानता वश हुए अपराधों के लिए क्षमा प्रार्थना करते हुए लोक कल्याण की मंगल कामना की गई। गरुण स्तंभ से ध्वजा उतारकर उनको विदाई दी गई और विधिवत समापन किया गया।

पुष्पक विमान की सवारी की यह मान्यता 

श्री रंग मन्दिर के 176 वें "श्री ब्रहमोत्सव" के अन्तिम दिवस की रात्रि बेला की सवारी बहुत ही विशिष्ट है । ठाकुर श्री गोदा रंगनाथ सुगन्धित पुष्पों से सुसज्जित पुष्पक विमान पर विराजमान होकर सभी भक्तों को दर्शन  दिए। 

पौराणिक मान्यता के अनुसार माना जाता है कि आज भगवान् श्री राम माता जानकी एवं भ्राता लक्ष्मण के साथ लंका से विजय प्राप्त कर इसी पुष्पक विमान में बैठ कर अयोध्या में आये थे, अयोध्या वासी प्रभु के इस मनोहारी दर्शन को करके कृतकृत्य हो गये थे ।

भगवान वाल्मीकि जी कहते हैं:-

तत काञ्चितचित्राङगं वैदूर्यमनिवेदिकम्, कूटमालाैः

परिक्षक्षणं सर्वतो रजतप्रभम्

पाण्डुराभिःपताकाभिर्गध्वजैश्च समलंकृतम्,

शोभितं काञ्चैर्हर्म्यैर्हेमपद्मविभूतेम् प्रिंगण

अर्थात- अलग-अलग रत्नों से सजी यह पुष्पक विमान, सफेद बैनरों और ध्वजों से सुशोभित चांदी की चमक बिखेरती हुई सुनहरे कमलों से पल्लवित है मोती और महंगे गहनों से बनी छोटी-छोटी घंटियाँ इसकी खिड़कियों से लटक रही हैं और बड़ी घंटियों के समूह मधुर ध्वनि पैदा कर रहे हैं ।

उसी कथा के अनुरूप विविध फूलों से सुसज्जित होकर भगवान श्री गोदारंगनाथ पुष्पक विमान पर आरूढ़ होकर सभी भक्तों को दर्शन देते हैं । आज नगर के अधिकांश व्यापारिक समुदाय द्वारा फूलों और बहु ​​रंगीन रंगोली से प्रभु के दिव्य पुष्पक विमान के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए जगह-जगह सजाया जाता है, साथ ही मुख्य द्वार पर बृजवासियों द्वारा महाआरती कर प्रभु का स्मरण किया जाता है । प्रभु के पुष्पक विमान के दिव्य दर्शन जिसमें विपुल रंग-बिरंगे फूलों की सजावट के साथ एक अद्वितीय देदीप्यमान आभा पैदा करता है। मान्यता है कि दर्शन से भक्तों की समस्त मनोकामनाओं को पूर्ण एवं शांति प्रदान करते है।