ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में सेवायत गोस्वामी से आशीर्वाद लेते फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा।
फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा ने वृंदावन में ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में किए दर्शन
वृंदावन। ठाकुर राधाबल्लभ मंदिर में मनाए जा रहे होली महोत्सव में भाग लेने फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा पहुंचे। यहां आराध्य के दर्शन कर पूजा अर्चना की। मदिर के सेवायत गोस्वामियों के साथ उन्होंने आध्यात्मिक चर्चा की।
शुक्रवार सुबह अठखंभा स्थित ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा पहुंचे। जहां मंदिर के तिलकायत अधिकारी आचार्य मोहित मराल गोस्वामी से उन्होंने ब्रज की भक्ति परंपराओं, संस्कृति, पौराणिक मान्यताओं आदि को लेकर आध्यात्मिक चर्चा की। मंदिर के युवराज शोभित लाल गोस्वामी के सानिध्य में विधि विधान से उन्होंने ठाकुर राधावल्लभ लाल का पूजन अर्चन किया। इस दौरान वह अपलक ठाकुरजी की मनोहारी छवि को निहारते रहे और पूर्ण भक्तिभाव में नजर आए। अपने आराध्य के दिव्य आलोकिक दर्शन के लिए वह पूर्ण उत्साहित नजर आए। इस दौरान प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया।
आशुतोष राणा ने कहा कि उन्हें यह जानकर आश्चर्य हुआ कि मंदिर में सैकड़ो वर्षों से चली आ रही प्राचीन परंपरा के अनुसार होली महोत्सव का आयोजन किया जाता है। एक महीने तक अनवरत रूप से चलने वाले इस होली महोत्सव में ठाकुरजी अपने भक्तों के साथ होली खेलते है, जो अपने आप में अलौकिक व अद्भुत है।
इस अवसर पर विशाल लाल गोस्वामी, सुकृत लाल गोस्वामी, गौरव लाल गोस्वामी, उदित गोस्वामी, सक्षम गोस्वामी आदि उपस्थित रहें।



