Conclave: एआई एवं साइबर सुरक्षा में नवीनतम कौशल व ज्ञान में निपुण होना आवश्यकः चाहर

  • Wednesday April 23 2025 - 02:27 AM
  •  

आगरा। सांसद राजकुमार चाहर ने कॉन्क्लेव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं को एआई और साइबर सुरक्षा में नवीनतम कौशल और ज्ञान में निपुण होना आवश्यक है। सभी छात्र अपना लक्ष्य निर्धारित करें और उस पर फोकस करें तभी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमे निरंतर आगे बढ़ते रहना है और प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल इंडिया सपने को साकार करना है।

यह बात उन्होंने शारदा विश्वविद्यालय आगरा के आनंद स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अंतर्गत AI एंड साइबर सिक्योरिटी कांक्लेव 2025 में व्यक्त किए। इस कार्यक्रम में प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और नियामक विशेषज्ञों ने अभूतपूर्व प्रगति एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस AI और साइबर सिक्योरिटी क्षेत्र के भविष्य पर चर्चा की।

विशिष्ट अतिथि आर.वी.एस मणि ने कहा कि शारदा विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के लिए सभी आधुनिक सुविधाओं और नवाचार से सुसज्जित विश्वविद्यालय है। जहां पढ़ कर हम अपने सपनों को नई उड़ान दे सकते हैं। जो आप लोगों ने सोचा है उसे पा सकते हैं। जरूरत है निरंतर मेहनत करने की। AI में प्रगति के साथ स्वास्थ्य सेवा, वित्त, ऑटोमोटिव और अधिकांश उद्योगों जैसे कई डोमेन प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह अनुमान है कि एआई सॉफ्टवेयर विकास प्रक्रिया में कई लाभ लाएगा और साइबर सुरक्षा में भी हम मजबूत होंगे। शारदा विश्वविद्यालय आगरा के चांसलर प्रोफेसर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि एआई और साइबर सुरक्षा कॉन्क्लेव 2025 एक हाइब्रिड इवेंट है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सुरक्षा के संगम पर ध्यान केंद्रित करता है। इस इवेंट का उद्देश्य इन प्रौद्योगिकियों के उद्योगों, सुरक्षा और नवाचार पर परिवर्तनकारी प्रभाव का अन्वेषण करना है। विशेष रूप से भारत के डिजिटली सशक्त राष्ट्र के दृष्टिकोण के संदर्भ में। इस प्रकार के और भी इवेंट हम भविष्य में करते रहेंगे। 

कुलपति प्रोफेसर डॉ. जयंती रंजन ने कहा कि कॉन्क्लेव में एआई और साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा होगी, जिसमें खतरे का पता लगाने, भेद्यता विश्लेषण ओर घटना प्रतिक्रिया में इसकी भूमिका शामिल है। एआई और साइबर सुरक्षा इस बात पर प्रकाश डालेगा कि कैसे एआई सुरक्षा उपायों को बढ़ाने, संभावित खतरों की भविष्यवाणी करने और प्रक्रियाओं को स्वचालित करने के लिए उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शारदा विश्वविद्यालय आगरा में शिक्षा और संस्कार एक साथ देने का कार्य किया जाता है। कॉन्क्लेव कन्वीनर प्रोफेसर डॉ आर.स्वामीनाथन ने बताया कॉन्क्लेव एआई-संचालित साइबरसुरक्षा समाधानों से जुड़े संभावित जोखिमों और चुनौतियों का भी समाधान करेगा, जैसे कि एआई का विरोधी उपयोग।

इससे पहले कॉन्क्लेव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद राजकुमार चाहर, विशिष्ट अतिथि एनआइटी दिल्ली के प्रोफेसर अनुराग सिंह, अनुभव पैट्रिक ग्लोबल इन्फोटेक लिमिटेड, रिटायर आईएएस आरवीएस मणि, एएसआई विशेषज्ञ डॉ अरुण राज. टी., गेस्ट ऑफ ऑनर वरुण आर जी, और कुलपति प्रोफेसर डॉ. जयंती रंजन ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया।